कूडो मिक्सड कॉम्बैट स्पोर्ट्स में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वे जल्द ही कूडो वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए बुल्गारिया का रुख करेंगे। यह प्रतियोगिता जुलाई 2025 में यूरोप के बुल्गारिया में आयोजित की जाएगी, जहाँ देशभर से चुने गए खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
8 और 9 फरवरी को सूरत में आयोजित कूडो वर्ल्ड चैंपियनशिप ट्रायल में भारत के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस ट्रायल में मध्य प्रदेश के 8 खिलाड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया और भारतीय कूडो टीम में अपना स्थान पक्का किया। सागर के चार खिलाड़ी, सोहेल खान, उत्कर्ष पटेल, आर्यन सिंह और वैष्णवी सिंह का नाम इस सूची में शामिल है। इसके अलावा भोपाल जिले से मंथन टैंक, स्वालेह खान, और सतना जिले से प्रतीक सिंह, अथर्व गुप्ता ने भी टीम में जगह बनाई है।
इस चयन प्रक्रिया का आयोजन कूडो इंटरनेशनल फेडरेशन इंडिया के द्वारा किया गया था, और इसके मुख्य चयनकर्ता नेशनल टीम के चीफ कोच हंशी मेहुल वोरा थे। चयनित खिलाड़ियों को ट्रायल के बाद चयन प्रमाणपत्र प्रदान किए गए, जो उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण का प्रतीक है।
Primary Source- iStock
मध्य प्रदेश कूडो एसोसिएशन के सचिव हरिकांत तिवारी ने बताया कि इस चयन प्रक्रिया में देशभर के कई कूडो खिलाड़ियों ने भाग लिया और मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी बेहतरीन प्रदर्शन से टीम में जगह बनाई। उन्होंने यह भी बताया कि इन सभी खिलाड़ियों ने मध्य प्रदेश कूडो एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं मुख्य प्रशिक्षक डॉ. मोहम्मद ऐजाज़ खान के नेतृत्व में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। डॉ. खान के मार्गदर्शन में इन खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक और फिटनेस पर पूरी मेहनत की, जो आज उनके चयन का कारण बनी।
सागर के खिलाड़ियों के बारे में बात करते हुए हरिकांत तिवारी ने कहा, "हमारे सागर के खिलाड़ी किसी से कम नहीं हैं। वे अपने शहर का नाम देश-विदेश में रोशन कर रहे हैं। हम इन खिलाड़ियों के प्रशिक्षण में किसी भी चीज की कमी नहीं छोड़ेंगे और पूरी तरह से उनका समर्थन करेंगे।"
यह उपलब्धि न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। इन खिलाड़ियों के चयन से कूडो के प्रति देश में बढ़ती रुचि और खेल की दिशा में सुधार की उम्मीदें जताई जा रही हैं। इन खिलाड़ियों की मेहनत और संघर्ष ने यह साबित कर दिया कि अगर इरादा मजबूत हो तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
अब सभी की नजरें बुल्गारिया पर हैं, जहां ये खिलाड़ी कूडो वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का मान बढ़ाएंगे और अपनी कड़ी मेहनत के फलस्वरूप अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का प्रयास करेंगे।
(सोर्स पी.आर.ओ सागर)